23/07/2023
लगातार बढ़ रहें है आँखों के संक्रमण : हो जाएं सावधान
बदलते मौसम में हर साल बारिश में आंखों के संक्रमण देखने को मिलते हैं | इस बार यह संक्रमण तेजी से हर उम्र के लोगों में फैल रहा है । एक परिवार के कई सदस्य या फिर ऑफिस में साथ काम करने वाले लोगों को यह संक्रमण हो रहा है। आईये जानें इसकी वजह.....
बारिश के मौसम में आद्रता एवं कभी धूप, कभी बारिश की वजह से वातावरण में कई तरह के कीटाणु हवा और पानी में पनपने लगते है । जिन लोगो की इम्युनिटी कम होती है जैसे बच्चों और बुजुर्गों में या फिर जो लोग यात्रा करते हैं या पानी मे भीग जाते हैं उन लोगो को इन कीटाणुओं से गले और आंखों में संक्रमण का खतरा रहता है। और फिर यह संक्रमण परिवार के दूसरे सदस्यों और साथ काम करने वाले लोगों में भी फैल सकता है। इसकी मुख्य वहज वायरस है जो अक्सर शुरू के 2 से 3 दिन में बढ़ता है और फिर 5 से 7 दिन में ठीक होता है। शुरूवाती 2 से 3 दिनों में संक्रमण दूसरों को फैलता है इसलिए मरीज़ों को हिदायत दी जाती है कि शुरुवाती दौर में बाकी लोगों से दूरी बना कर रखेँ ओर वर्क प्लेस पर ना जाये। संक्रमित व्यक्ति की आंखों से निकलने वाले डिसचार्ज के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संपर्क में आने के द्वारा यह फैल सकता है। ज्यादातर लोग मानते हैं कि यह बीमारी आई कॉन्टैक्ट करने से फैलती है. जबकि यह किसी संक्रमित व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल की गई चीजों का इस्तेमाल करने से फेलती है |
कंञ्जंक्टिवाईटिस के लक्षण – आँखें आना या पिंक आई या आई फ़्लु आँखों से जुड़ी एक सामान्य समस्या है, जिसे चिकित्सीय भाषा में कंजक्टिवाइटिस कहते हैं। वैसे तो यह समस्या किसी को कभी भी हो सकती है, लेकिन गर्म और नम वातावरण में इसके होने का खतरा अधिक होता है। कंजक्टिवाइटिस की समस्या आंखों में बैक्टीरिया या वाइरस के संक्रमण या एलर्जिक रिएक्शन के कारण हो सकती है । कंञ्जंक्टिवाईटिस होने से आँखों में सूजन, दर्द, लालिमा एवं पानी आता है कुछ लोगो मे कीचड़ भी आने लगता हैं । कई बार यह सिर्फ एक आँख या फिर एक के बाद दूसरी आँख में या फिर दोनों आंखों में एक साथ अचानक होता है | मरीज़ को लगातार आँखों मे चुभन होती है, रोशनी मे आँखें खुल नहीं पाती हैं | साथ ही सिर में दर्द और बुखार खाँसी भी होती है।
आँखों के संक्रमण - बचाव के उपाय
• बारिश में भीगने से बचें
• स्विमिंग पूल से दूर रहें
• जिनको इंफेक्शन है उनसे दूरी बनाकर रहें
• संक्रमण हाथों से फैलता है इसलिये हाथ साफ रखें
• आंखों को बार बार हाथों से न छुएं