03/04/2026
डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल, झाझरा, देहरादून के तत्वावधान में दिनांक 03 अप्रैल 2026 को सेलाकुई स्थित एन्क्राफ्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में “Stress Management & Work-Life Balance” विषय पर एक कॉर्पोरेट सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कॉर्पोरेट कर्मचारियों के बीच मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को उजागर करना तथा उन्हें तनाव प्रबंधन एवं कार्य-जीवन संतुलन के प्रभावी उपायों से अवगत कराना था। इस सेमिनार में लगभग 50 से अधिक कर्मचारियों एवं उच्च प्रबंधन टीम ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. संकल्प दीक्षित (सहायक प्रोफेसर, मनोचिकित्सा विभाग, गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल) रहे, जिन्होंने अपने व्याख्यान में आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव, उसके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव तथा उससे निपटने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. दीक्षित ने बताया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में कार्य का दबाव, समय की कमी एवं व्यक्तिगत जीवन में संतुलन का अभाव मानसिक तनाव को बढ़ाता है, जिससे कार्य क्षमता एवं जीवन की गुणवत्ता प्रभावित होती है। उन्होंने कर्मचारियों को नियमित व्यायाम, ध्यान (मेडिटेशन), सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कार्यस्थल पर सहयोगात्मक वातावरण एवं संवाद को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के साथ इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा विशेषज्ञ से सीधे प्रश्न पूछकर समाधान प्राप्त किया। इस सत्र ने प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने और उसे प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। एन्क्राफ्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी, श्री संजय गुसाईं, श्री अवनीश यादव, श्री विकास कुमार, श्री जोगेंद्र सिंह, श्री योगेंद्र चौधरी एवं श्री उमेश मिश्रा का विशेष सहयोग रहा, जिनके सक्रिय सहभाग एवं समन्वय से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। इस आयोजन का समन्वय श्री मेनन कुमार चमोली द्वारा किया गया, जिनके कुशल नेतृत्व एवं सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर (हेड – मार्केटिंग एवं पब्लिसिटी डिवीजन) ने बताया कि सुभारती अस्पताल द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। अस्पताल प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के कॉर्पोरेट एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।