18/03/2025
साप्ताहिक राशिफल-
17 मार्च से 23 मार्च 2025 तक
● मेष राशि (चू,चे,चो,ला,ली,लू,ले,लो,अ)
इस सप्ताह मेष राशि वाले जातकों को सफलता के लिए और अधिक जागरूक रहने की आवश्यकता है। आजीविका के क्षेत्र में प्रयास कर रहे प्रतियोगी वर्ग को वांछित लाभ मिल सकता है। आर्थिक मामलों में यह समय विशेष सफल रहेगा। व्यापारिक वर्ग को भी बढ़ोतरी के नए अवसर प्राप्त होंगे। आकस्मिक धन लाभ भी संभव है। राजनीतिक क्षेत्र में लाभ मिलता रहेगा, फिर भी शत्रु पक्ष से संभल कर रहें। कानूनी विवादों में समय लग सकता है। स्वास्थ्य में सुधार रहेगा। निज़ी रिश्तों में नज़दीकियां बढ़ेंगी।
▪︎उपाय- "ॐ नमः शिवाय" मंत्र का जाप करें।
● वृष राशि (इ,उ,ए,ओ,वा,वि,वू,वे,वो)
इस सप्ताह वृष राशि वाले विशेष रूप से व्यापारिक जातक वांछित उन्नति प्राप्त करेंगे। विस्तार की नई संभावनाएं मिल सकती हैं। कार्यक्षेत्र में शत्रु पक्ष संबंधित परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, अतः आवश्यक सावधानी बरतें। यात्रा एवं प्रवास के आसार बन रहे हैं। इस सप्ताह सेहत के प्रति बिल्कुल लापरवाही ना बरतें, उचित चिकित्सीय परहेज बनाए रखें। भौतिक सुख में वृद्धि होगी। निज़ी संबंधों में विश्वास बढ़ेगा। पूंजी निवेश आदि के लिए समय अनुकूल है।
▪︎उपाय- दुर्गा चालीसा का पाठ करें।
● मिथुन राशि (क,की,कु,घ,ङ,छ,के,को,ह)
इस सप्ताह मिथुन राशि वाले जातक विशेष रूप से जो सरकारी अथवा निजी सेवा के लिए प्रयासरत हैं, वांछित सफलता प्राप्त करेंगे। कला-साहित्य-संगीत-चिकित्सा आदि क्षेत्रों से जुड़े जातक वर्ग के लिए भी यह समय उन्नति प्रदायक साबित होगा। हालांकि व्यापारी वर्ग इस दौरान कुछ चिंतित रह सकता है। दूरस्थ यात्रा या प्रवास की संभावना है। अत्यधिक धन खर्च भी तनाव का कारण बनेगा। स्वास्थ्य के मामले में समय अनुकूल है। निज़ी संबंधों में मधुरता बनी रहेगी।
▪︎उपाय- श्रीगणेश चालीसा का पाठ करें।
● कर्क राशि (ही,हू,हे,हो,डा,डी,डू,डे,डो)
कर्क राशि वाले जातकों को इस सप्ताह कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़ सकते हैं। अपनी कार्य क्षमता को बढ़ाने का प्रयास करें तथा सक्रिय रहें। नई योजना को लागू करने का विचार अवश्य करेंगे। आर्थिक मामलों में सुधार के लिए प्रयास करने पड़ सकते हैं। कला-साहित्य के क्षेत्र से जुड़े जातकों के लिए यह समय किसी विशेष पद या प्रतिष्ठा को दिलाने वाला होगा। घर-परिवार में अच्छा सामंजस्य बना रहेगा। इन दिनों अतिरिक्त भागदौड़ करनी पड़ सकती है। निज़ी संबंधों में आगे बढ़ने की संभावना है।
▪︎ उपाय- शनिवार को पीपल की पूजा करें।
● सिंह राशि (म,मी,मू,मे,मो,टा,टी,टू,टे)
सिंह राशि वाले जातकों को इस सप्ताह महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़ सकते हैं। व्यापारिक क्षेत्र में एक नई सफलता मिल सकती है। घर-परिवार मे अच्छा तालमेल मनोबल बनाए रखेगा। निज़ी रिश्तों में तनाव को दूर करने के लिए संवाद बनाए रखें। अटके कामों को पूरा करेंगे। कानूनी मामलों में परेशान रह सकते हैं। संतान संबंधी चिंता दूर होगी। आर्थिक मामलों में कुछ सुधार संभव है। निज़ी संबंधों में मधुरता बनी रहेगी। स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव रहेगा।
▪︎ उपाय- सूर्य देव को नियमित अर्घ्य अर्पण करें।
● कन्या राशि (टो,प, पी,पू,ष,ण,ठ,पे,पो)
कन्या राशि वाले जातकों को इस सप्ताह नई जिम्मेदारियां मिल सकती है, साथ ही पद-लाभ के आसार बन रहे हैं। सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में किसी पद विशेष के लिए नामांकित किया जा सकता है। व्यापार में नई संभावनाओं पर विचार करेंगे। कोई नई योजना भी लागू कर सकते हैं। हालांकि यह सप्ताह आर्थिक मामलों में कुछ कमजोर रहेगा। कुछ आवश्यक चीजों की खरीद में धन खर्च संभव है। निज़ी रिश्तों में प्रेम और विश्वास बढ़ेगा। स्वास्थ्य कमजोर रह सकता है।
▪︎ उपाय- कन्याओं को मिठाई भेंट करें।
● तुला राशि (र,री,रू,रे,रो,त,ती,तू,ते)
इस सप्ताह तुला राशि वाले जातक भौतिक संसाधनों को जुटाने में व्यस्त रहेंगे। गहने-कपड़े आदि पर खर्च संभव है। व्यापारिक जातकों को विशेष कामयाबी मिल सकती है। कार्यक्षेत्र से जुड़ी किसी नई योग्यता को प्राप्त करने की जुगत लगाएंगे परंतु शत्रु पक्ष से संभल कर रहें। किसी पारिवारिक समारोह में सम्मिलित होने का मौका मिल सकता है। धार्मिक कार्यों में रुचि लेंगे। आहार-विहार में संयम स्वास्थ्य में सुधार लाएगा। घर-परिवार में प्रसन्नता का माहौल रहेगा। निज़ी संबंधों में भी नज़दीकियां बढ़ेंगी।
▪︎ उपाय- कुत्ते को रोटी खिलाएं।
● वृश्चिक राशि (तो,न,नी,नू,ने,नो,या,यी,यू)
वृश्चिक राशि वाले प्रतियोगी जातकों को विशेष सफलता प्राप्त होगी। कैरियर बनाने में जुटे निज़ी तथा सरकारी सेवाओं के लिए प्रयास कर रहे जातकों को सफलता के शानदार अवसर प्राप्त होंगे। घर-परिवार संबंधी कोई शुभ सूचना मिल सकती है। कानूनी मामलों में पक्ष मजबूत होगा। यह सप्ताह विशेष रूप से आर्थिक मामलों में सफल रहेगा। कुछ पुराने अटके काम पूरे होंगे। निज़ी संबंधों में संवाद बनाए रखें। अत्यधिक भागदौड़ रहने से सेहत के प्रति लापरवाही बरत सकते हैं, खानपान पर विशेष ध्यान दें।
▪︎ उपाय- किसी भूखे व्यक्ति को खाना खिलाएं।
● धनु राशि (ये,यो,भ,भी,भू,धा,फा,ढ़ा, भे)
धनु राशि वाले प्रतियोगी जातक वांछित उन्नति प्राप्त करेंगे। व्यापार में विस्तार की नई संभावनाएं मिल सकती हैं। किसी लाभकारी यात्रा पर जाना पड़ सकता है। कार्यक्षेत्र में विरोधी पक्ष समस्या खड़ी कर सकता है, अतः अतिरिक्त सावधानी बरतें। आर्थिक मामलों में कुछ उतार-चढ़ाव बने रहेंगे। अधिक धन खर्च परेशान कर सकता है। स्वास्थ्य में सुधार के लिए नियमित व्यायाम जरूरी है। कानूनी मामलों में भागदौड़ बनी रहेगी। निज़ी संबंधों में प्रसन्नता रहेगी।
▪︎ उपाय- श्रीहरिनारायण की पूजा करें।
● मकर राशि (भो,ज,जी,जू,जे,जो,ख,खी,खू,खे,खो, ग,गी)
मकर राशि वाले सरकारी सेवाओं के लिए प्रयास कर रहे जातक अपने प्रयासों में बिल्कुल कमी ना लाएं, सफलता संभव है। कार्यक्षेत्र वांछित लाभ के लिए सक्रियता बनाए रखें। व्यापारिक जातक योजनाओं को अंतिम रूप देने में व्यस्त रहेंगे। इस दौरान यात्रा एवं प्रवास के आसार बन रहे हैं। कुछ पुराने अटके काम पूरे होंगे। निज़ी संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। स्वास्थ्य संबंधी पुराने रोग उभर सकते हैं। समय पर उचित चिकित्सीय सलाह लें तथा मनोबल बनाए रखें।
▪︎ उपाय- कबूतरों को दाना खिलाएं।
● कुंभ राशि (गु,गे,गो,सा,सी,सू,से,सो,द)
इस सप्ताह कुंभ राशि वाले जातकों का कार्यक्षेत्र में पक्ष मजबूत होगा, शत्रु पक्ष को ईंट का जवाब पत्थर से देने में सफल रहेंगे। राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े जातकों को लाभ की संभावनाएं मिलेगी। परंतु इस सप्ताह धन खर्च बढ़ सकता है। पूंजी निवेश आदि में सोच समझकर निर्णय लें। इस सप्ताह समय पुराने अटके हुए कामों को पूरा करने में व्यस्त रहेगा। बहुत समय से चले आ रहे प्रयास सफल होंगे। खानपान में असावधानी स्वास्थ्य संबंधी पुराने रोग ला सकती है। निज़ी संबंधों में सकारात्मकता बनी रहेगी।
▪︎ उपाय- शनि कवच का पाठ करें।
● मीन राशि ( दी,दू,थ,झ,ण,दे,दो,दो,च,ची)
मीन राशि वाले जातकों को इस सप्ताह किसी पारिवारिक समारोह में सम्मिलित होना पड़ सकता है। इस दौरान यात्रा के भी आसार बन रहे हैं। कुछ महत्वपूर्ण कार्यों में व्यस्त रहेंगे। कार्य क्षेत्र में शत्रु पक्ष कोई परेशानी खड़ी कर सकता है, अतः आवश्यक सावधानी बरतें। यह समय बुद्धि-विवेक से काम लेने का है। व्यापारिक वर्ग को बढ़त हासिल हो सकती है। परंतु स्वास्थ्य की दृष्टि से समय कमजोर रहेगा, खानपान में सावधानी बरतें। निज़ी संबंधों में मधुरता बनी रहेगी।
▪︎ उपाय- "ॐ नमो भगवते वासुदेवाय" मंत्र का जाप करें।