12/01/2026
**कोटा जिला अधिवेशन में दिव्यांगजन सशक्तिकरण पर मंथन, प्लास्टिक मुक्त भोज रहा विशेष आकर्षण**
कोटा, 27 दिसम्बर 2025। समृद्धि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मण्डल (सक्षम) के तत्वावधान में दिव्यांगजन एवं समाजजन का कोटा महानगर अधिवेशन आज आई एम ए हॉल, एम.बी.एस. अस्पताल परिसर, नयापुरा, कोटा में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें दिव्यांगजनों के अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक समावेशन पर विस्तृत विमर्श किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक, कोटा दक्षिण **श्री संदीप** शर्मा उपस्थित रहे, अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजन समाज की शक्ति हैं, जिनकी क्षमताओं को पहचानकर उन्हें मुख्यधारा में अग्रणी स्थान दिलाना सरकार और समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और सुगम्य सार्वजनिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही साथ ही सार्वजनिक, शैक्षणिक स्थान में सुगम व्यवस्था की बात कहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश सहसंपर्क प्रमुख संजय शर्मा ने, जो संगठन के प्रदेश स्तरीय समन्वय एवं संपर्क दायित्व का निर्वहन करते हैं, अधिवेशन को संबोधित करते हुए दिव्यांगजन तक योजनाओं की पहुँच बढ़ाने की रणनीतियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता सक्षम भारत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. श्री पुरुषोत्तम पुरोहित ‘मनु भाई’ ने की, जो लंबे समय से दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं, आज दिव्यांगों की विभिन्न कोशल देख , उनके बारे में उन्होंने कहा कि हमें उनके साथ अच्छा व्यवहार करना चाहिए और उन्हें प्रोत्साहित करने का प्रयास करना चाहिए.
प्रदेश उपाध्यक्ष सक्षम डॉ. अरविंद सक्सेना ने प्रदेश भर में संचालित सक्षम इकाइयों की सक्रियताओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया, अधिवेशन प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें विभिन्न सत्रों के दौरान दिव्यांग प्रतिभागियों ने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, परिवहन और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित समस्याएँ एवं सुझाव रखे, जिन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने संवेदनशीलता के साथ उत्तर देते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुरम्य वातावरण में हुआ, जब युवा गायक अमरदीप शर्मा ने प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत कर उपस्थित दिव्यांगजन एवं अतिथियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया, जिसके बाद औपचारिक कार्यवाही आरम्भ की गई।
दिव्यांग क्रिकेट टीम के कप्तान नरेंद्र शर्मा का भी आयोजन में विशिष्ट सम्मान किया गया।
युवा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सिद्धांत पचौरी और उनकी युवा टीम का मंच से विशेष रूप से सम्मान किया गया। उन्हें दिव्यांगजन सेवा और सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग के लिए पारंपरिक रीति से अंगवस्त्र/दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जिस पर उपस्थित दर्शकों ने खूब तालियाँ बजाईं।
कार्यक्रम में मुख्यबधिर विद्यालय की सचिव श्रीमती सर्वेश्वरी रानीवाला ने श्रवणबाधित बच्चों की शिक्षा एवं पुनर्वास संबंधी गतिविधियों के साथ–साथ एड्स एवं अन्य गंभीर रोगों के प्रति जागरूकता अभियानों का उल्लेख किया, जिसमें समाजसेवी श्री सुरेश चंद जैसे सहयोगियों की सक्रिय भूमिका बताई गई। मंच पर सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ताओं में सुश्री निशा हाड़ा, सुश्री दिव्या शर्मा, श्री सुरेश सहित अनेक स्वयंसेवक शामिल रहे, जिन्हें दिव्यांगजन सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में निरंतर योगदान के लिए प्रशस्ति–पत्र एवं स्मृति–चिह्न प्रदान किए गए।अधिवेशन के विभिन्न सत्रों में दिव्यांग प्रतिभागियों ने शिक्षा, स्किल ट्रेनिंग, रोजगार, स्वास्थ्य, परिवहन एवं सरकारी योजनाओं तक पहुँच से जुड़ी समस्याएँ और सुझाव रखे, जिन पर जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने संवेदनशीलता के साथ विचार व्यक्त करते हुए सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में अंजना भदौरिया, ताराचंद फौजदार, देवआनंद जी सहित कई वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे, जिनकी मौजूदगी ने अधिवेशन को अतिरिक्त नैतिक बल प्रदान किया और संवाद को अधिक समृद्ध बनाया।
विशिष्ट अतिथि राजेंद्र नागर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े अपने सामाजिक कार्यों का संदर्भ देते हुए सक्षम भारत की पहल की सराहना की और कहा कि संघ और समाज–सेवी संगठन मिलकर दिव्यांगजनों के लिए और अधिक अवसर निर्मित कर सकते हैं। जयपुर प्रांत के वरिष्ठ कार्यकर्ता राजेंद्र धाकड़ भी अधिवेशन में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रांतीय स्तर पर चल रहे दिव्यांग कल्याण अभियानों की जानकारी देते हुए कोटा महानगर की इकाई को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
स्टेशन एरिया की बौद्धिक दिव्यांग वर्ग की होनहार खिलाड़ी श्रुति भार्गव को हाल ही में सम्मानित किया गया। श्रुति ने राजस्थान फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक भी जीते।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए सामूहिक भोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए भोजन केवल कागज़ की प्लेटों एवं इको–फ्रेंडली सामग्री में परोसा गया और एकल–उपयोग प्लास्टिक का पूर्णत: बहिष्कार किया गया, जिससे प्लास्टिक मुक्त सार्वजनिक आयोजनों की प्रेरणादायक मिसाल स्थापित हुई। आयोजक के रूप में सक्षम भारत, कोटा इकाई के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अधिवेशन न केवल अधिकार–जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों और नीति–निर्माताओं के बीच संवाद का प्रभावी मंच भी प्रदान करते हैं, जिससे दिव्यांगजन की मुख्यधारा में भागीदारी और अधिक सुदृढ़ हो सके।
कार्यक्रम के अंत में राजीव शर्मा ने सभी अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों और दिव्यांग प्रतिभागियों की ओर से आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा अधिवेशन के संकल्पों को व्यवहार में उतारने का आग्रह किया।