29/04/2026
मेरे बब्बा के बब्बा का प्रमाणपत्र, सन 1931 का है ,
एक दिन हम और आप भी इतिहास हो जाएँगे,
हमारे बारे में कौन लिखेगा, कौन पढ़ेगा
जब हम रहेंगे ही नहीं , तो कैसे पता चलेंगा
तो अगर इतिहास बनना ही है, तो कुछ पन्नो में
छप जाना उचित लगता है, इसलिए जो अभी उचित है ,
उसमे अपना उच्चतम देना , उचित लगता है.
तो आइए आप और हम इस जनगणना में भागीदारी करके
यथा स्थान , इतिहास के पन्नो में सुनिश्चित करे.
आज पुराने दस्तावेज़ों को देखते हुए एक ऐसा गौरवपूर्ण क्षण सामने आया, जिसने मन को भावुक भी किया और गर्व से भर दिया।
मेरे परदादा जी, स्वर्गीय श्री जगदेवराम जी का एक ऐतिहासिक प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ, जो लगभग 100 वर्ष पूर्व वर्ष 1931 की जनगणना से संबंधित है। उस समय उन्होंने ब्लॉक नंबर 4 में जनगणना कार्य में अपनी महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदार भूमिका निभाई थी।
सेंट्रल इंडिया एजेंसी की ओर से रीवा में उन्हें इस उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मान स्वरूप प्रमाण पत्र प्रदान किया गया था। यह केवल एक दस्तावेज़ नहीं, बल्कि हमारे परिवार की गौरवशाली विरासत और देश सेवा के प्रति उनके समर्पण का जीवंत प्रमाण है।
ऐसे महान पूर्वजों की स्मृतियाँ हमें सदैव प्रेरित करती हैं कि हम भी समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करें।
मैं अपने लोकसभा क्षेत्र के समस्त परिवारजनों से विनम्र निवेदन करता हूँ कि जिस प्रकार मेरे परदादा जी ने जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया, उसी प्रकार आप सभी भी इस राष्ट्र निर्माण के इस महत्त्वपूर्ण कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी गर्व से कह सकें कि उनके पूर्वजों ने देश के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
जनगणना देश का एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिससे न केवल सरकार को सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं, बल्कि इन्हीं के आधार पर जनहितकारी योजनाओं का निर्माण और उनका प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित होता है। आप सभी की सहभागिता से ही योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुँचता है और नई-नई योजनाओं की जानकारी भी जन-जन तक पहुँचती है।
आइए, हम सब मिलकर इस महत्वपूर्ण कार्य में अपनी जिम्मेदारी निभाएं और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।