21/02/2026
डॉ गौरव पाईवाल को मिला
"उदयपुर एक्सीलेंस अवार्ड 2026"
उदयपुर। एक समारोह में शहर के वरिष्ठ फिजियोथैरेपिस्ट डॉ गौरव पाईवाल को पूर्व संभागीय आयुक्त और सीनियर आई ए एस श्री राजेंद्र भट्ट द्वारा “उदयपुर एक्सीलेंस अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे उल्लेखनीय योगदान और मरीजों को समर्पित सेवाओं के लिए प्रदान किया गया।
डॉ पाईवाल पिछले 19 वर्षों से उदयपुर में सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने लकवा, मधुमेह के घाव, कमर व गर्दन दर्द तथा घुटने के दर्द से पीड़ित सैकड़ों मरीजों का उपचार कर उन्हें दर्द में राहत और बेहतर जीवन गुणवत्ता प्रदान की है। मरीजों के बीच उनकी पहचान एक अनुभवी, संवेदनशील और परिणामोन्मुख चिकित्सक के रूप में स्थापित है।
हाल ही में विश्व की प्रतिष्ठित बिजनेस पत्रिका फोर्ब्स ने भी डॉ पाईवाल को “इन्फ्लूएंशियल बिजनेस लीडर ऑफ इंडिया” सूची में स्थान देकर उनके पेशेवर उत्कृष्टता और प्रभाव को मान्यता दी थी।
उदयपुर निवासी डॉ पाईवाल ने मणिपाल यूनिवर्सिटी, कर्नाटक से फिजियोथेरेपी की शिक्षा प्राप्त की। शिक्षा पूर्ण करने के पश्चात उन्हें नानावती हॉस्पिटल (मुंबई) एवं मणिपाल हॉस्पिटल में नौकरी के अवसर प्राप्त हुए, किंतु उन्होंने महानगरों में करियर बनाने के बजाय उदयपुर में रहकर शहरवासियों को सेवाएं देने का निर्णय लिया।
रीढ़ की हड्डी और घुटने के दर्द से राहत दिलाने के क्षेत्र में डॉ पाईवाल ने अपनी विशेष विशेषज्ञता और विश्वसनीयता स्थापित की है। उनकी इस उपलब्धि पर शहर के चिकित्सा, सामाजिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।